---Advertisement---

Udham Singh Nagar Crime : नानकमत्ता में आधी रात खूनी तांडव, घर पर पथराव और फायरिंग के बाद युवक की हत्या

नानकमत्ता के सिद्धा नवदिया में 20 हथियारबंद हमलावरों ने घर पर फायरिंग की और खेत से लौट रहे सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल।

रुद्रपुर (18 अक्टूबर) : उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धा नवदिया गांव में शनिवार देर रात हथियारबंद हमलावरों ने जमकर उत्पात मचाया और खेत से लौट रहे 35 वर्षीय किसान सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। करीब 15 से 20 हमलावरों ने पहले एक मकान पर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग की, फिर भागते समय रास्ते में सतनाम सिंह के सीने में गोली दाग दी।

लहूलुहान हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खूनी वारदात के बाद ग्रामीणों में पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है, क्योंकि परिवार ने पहले ही थाने में जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत दी थी।

झगड़ा सुलझाने की रंजिश में घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग

गांव निवासी कुलदीप सिंह कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी बात से खफा होकर एक पक्ष उनसे रंजिश मानने लगा और लगातार धमकियां दे रहा था। शनिवार रात करीब दस बजे हमलावर कार और बाइकों पर सवार होकर कुलदीप सिंह के घर पहुंचे और अंधाधुंध पथराव के साथ गोलियां चलाने लगे।

अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच कुलदीप का बेटा प्रिंस छत से मोबाइल फोन में हमलावरों की हरकतें कैद करने लगा, जिस पर आरोपियों ने उसे भी निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। वारदात का यह वीडियो अब सोशल मीडिया और पुलिस जांच का मुख्य हिस्सा बन चुका है।

थाने में दी गई तहरीर पर नहीं हुई ठोस कार्रवाई

हमलावर वारदात को अंजाम देकर हवाई फायरिंग करते हुए भाग रहे थे, तभी मूंगफली की कटी फसल की रखवाली कर लौट रहे कुलदीप के बड़े भाई सतनाम सिंह उनके सामने आ गए। हमलावरों ने उन्हें घेरकर सीने में गोली मार दी और भागते समय उन्हें कार से रौंदने की भी कोशिश की।

परिजनों का सीधा आरोप है कि धमकी मिलने के तुरंत बाद नानकमत्ता थाने में लिखित तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई गई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। परिजनों का दावा है कि नामजद आरोपी इलाके के आदतन अपराधी हैं; यदि पुलिस ने पहले ही शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की होती, तो सतनाम सिंह की जान बच सकती थी।

आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा

गंभीर रूप से घायल सतनाम सिंह को पहले उप जिला चिकित्सालय सितारगंज और फिर जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया, जहां आधी रात को उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार सुबह पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के भाई सोनू सिंह की तहरीर पर 8 नामजद समेत अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। वहीं, वारदात के बाद सिद्धा नवदिया गांव में भारी तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment