हल्द्वानी, 13 जून (दून हॉराइज़न)। हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे के पास स्थित ‘एमजे द लक्जरी स्पा सेंटर’ में पुलिस ने अनैतिक व्यापार के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने गुरुवार देर शाम पुख्ता सूचना के बाद इस स्पा सेंटर पर अचानक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा की महिला मैनेजर, एक स्टाफ और दो ग्राहकों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वहां बंधक जैसी स्थिति में रखी गईं छह युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। स्पा सेंटर का मुख्य मालिक पुलिस टीम को देखकर मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।
दो स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर हुई छापेमारी
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए दो स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और स्पा सेंटर के अंदर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान स्पा के दाहिनी ओर बने कमरों में पुलिस को एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इसके बाद दूसरे कमरों की चेकिंग में भी इसी तरह की गतिविधियां सामने आईं।
रिसेप्शन के पास बने एक अन्य कमरे में चार युवतियां बेहद डरी-सहमी हालत में बैठी मिलीं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद की है।
मजबूरी का फायदा उठाकर दलदल में धकेला
पुलिस पूछताछ में रेस्क्यू की गई युवतियों ने अपनी आपबीती सुनाई। पीड़ित युवतियां दिल्ली, मेरठ, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और पड़ोसी देश नेपाल की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि वे बेहद गरीब और बेसहारा हैं। अपने बच्चों और परिवार के भरण-पोषण के लिए वे काम की तलाश में उत्तराखंड आई थीं, जहां उनकी मुलाकात स्पा मालिक राहुल जायसवाल से हुई।
आरोप है कि स्पा मालिक राहुल, महिला मैनेजर पूनम और कर्मचारी अतुल ठाकुर ने इन युवतियों की मजबूरी का फायदा उठाया। आरोपियों ने युवतियों को डरा-धमकाकर और पैसों का लालच देकर जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया था।
फरार मालिक की तलाश में पुलिस की दबिश
रेस्क्यू की गई सभी छह युवतियों की काउंसलिंग कराई गई है, जिसके बाद प्रशासनिक देखरेख में उन्हें हल्द्वानी के वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान सीओ अमित कुमार सैनी और भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह भी पुलिस टीम के साथ तैनात रहे।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी और स्पा मालिक राहुल जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।









