Uttarakhand STF : उत्तराखंड एसटीएफ ने ऊधमसिंह नगर के गदरपुर से एक खौफनाक साजिश को बेनकाब किया है। पकड़े गए संदिग्ध मो. सलाउद्दीन की निशानदेही पर एसटीएफ ने एक इंग्लिश पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार डेटोनेटर और दो एके-47 के कारतूस बरामद किए हैं।
एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों की पूछताछ में रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे हुए हैं। सलाउद्दीन पूरी तरह से फिदायीन हमले की तैयारी कर चुका था। वह खुद को मानव बम बनाने के लिए तैयार था।
आरोपी रोजाना सुबह दौड़ लगाता था। फिटनेस के पीछे उसका असली मकसद किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देना था।
बुधवार को एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में मझराशीला थाना गदरपुर निवासी अब्दुल मलिक के बेटे सलाउद्दीन को उठाया गया था। शुरुआत में एक गोपनीय इनपुट मिला था। पुलिस ने सीधा दबिश देकर उसे दबोच लिया।
रामपुर कनेक्शन और विदेशी हैंडलर
पूछताछ की आंच उत्तर प्रदेश के रामपुर तक पहुंच गई है। एसटीएफ ने रामपुर से एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया है। अंदेशा है कि सलाउद्दीन तक डेटोनेटर और एके-47 के कारतूस इसी शख्स ने पहुंचाए थे।
सलाउद्दीन का नेटवर्क देश की सीमाओं के पार तक फैला मिला। वह मलेशिया में बैठे अपने हैंडलर अर्शलीन के सीधे संपर्क में था। अर्शलीन के तार पाकिस्तान से जुड़े मिले हैं।
हैंडलर ने इस खौफनाक मिशन के लिए सलाउद्दीन को 10 हजार रुपये की रकम भी भेजी थी। युवाओं का ब्रेनवॉश करने का जिम्मा भी सलाउद्दीन के ही कंधों पर था। वह अंतरराज्यीय राष्ट्रविरोधी गिरोह का मोहरा बन चुका था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स टेलीग्राम और सिग्नल पर वह बेहद सक्रिय था। कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा वाले कई सीक्रेट ग्रुप्स का वह अहम हिस्सा था। एसटीएफ की जांच में पता चला है कि हथियार और विस्फोटक को सुरक्षित ठिकानों पर रखने की पूरी रणनीति इन्हीं चैट्स पर तय होती थी।
पकड़े जाने की भनक लगते ही उसने कई चैट डिलीट कर दिए थे। साइबर सेल अब उस डेटा को खंगाल रही है।
लकड़ी कारोबारी का बेटा है सलाउद्दीन
गदरपुर के मझराशीला गांव में सलाउद्दीन का परिवार काफी रसूखदार माना जाता है। वह एक बेहद संपन्न परिवार से ताल्लुक रखता है।
गांव वालों को इस गिरफ्तारी पर यकीन नहीं हो रहा है। आरोपी के पिता के पास वन निगम का लाइसेंस है। पूरा परिवार लंबे समय से लकड़ी के बड़े कारोबार से जुड़ा है। बचपन से ही सलाउद्दीन इसी गांव में पला-बढ़ा।
प्रशासन ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपील जारी की है। लोगों को सिर्फ आधिकारिक बयानों पर भरोसा करने की हिदायत दी गई है। अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सलाउद्दीन अब हवालात की हवा खा रहा है। एसटीएफ उसके इंटरनेशनल सिंडिकेट की जड़ें खोदने में जुट गई है।









