---Advertisement---

Uttarakhand Weather Update: देहरादून समेत इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तपती गर्मी से मिलेगी बड़ी राहत

---Advertisement---

देहरादून, 28 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिनभर लोग चटख धूप और उमस से परेशान रहे।

वहीं पंतनगर में भी पारा 38.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पहाड़ों की बात करें तो नई टिहरी में 27.6 डिग्री और मुक्तेश्वर में 26.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से अधिक है। इस तपती गर्मी के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने राहत भरी भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग का अलर्ट: इन जिलों में होगी भारी बारिश और ओलावृष्टि

मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। इन जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

28 और 29 मई को मौसम पकड़ेगा रफ्तार, गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी अलर्ट रहेगा। इसके अगले दिन यानी 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कई जगहों पर भारी से भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इस बदलाव से अगले दो से चार दिनों के भीतर सूबे के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी, जिससे मैदानी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में चिलचिलाती गर्मी से सीधी राहत मिलेगी।

आपदा प्रबंधन विभाग की चेतावनी: आवश्यक होने पर ही करें यात्रा

मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिला प्रशासनों को अलर्ट पर रहने और एहतियाती व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें। उन्होंने आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने के दौरान लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment