---Advertisement---

आठ दिन की भूख हड़ताल के बाद टिहरी मेडिकल कॉलेज पर बैठक, जिला अस्पताल को 200 बेड मंजूरी

टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग पर चल रही भूख हड़ताल के आठवें दिन स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बैठक की, जिसमें जिला अस्पताल 200 बेड का करने को मंजूरी दी गई।

देहरादून, 19 नवंबर : जनपद टिहरी गढ़वाल में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के आठवें दिन आज वन भवन, देहरादून में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिला चिकित्सालय टिहरी की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बेड करने को स्वीकृति दी गई।

दरअसल, टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति 12 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रही है। बैठक में मंत्री सुबोध उनियाल ने समिति के सदस्यों और क्षेत्रीय लोगों की भावनाओं को सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण के विषय में गंभीरता से कार्य कर रही है और आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।

टीएचडीसी की डीपीआर पर समन्वय के निर्देश

बैठक के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण से संबंधित THDC द्वारा तैयार की गई डीपीआर पर संबंधित अधिकारियों के परस्पर समन्वय में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीएचडीसी प्रशासन से भी अपेक्षा की कि वह अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करे और प्रगति से अवगत कराए।

सुबोध उनियाल ने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर सरकार संवेदनशील है और टिहरी जनपद के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। असल में, जिला चिकित्सालय टिहरी की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ही इसकी वर्तमान 100 बेडेड क्षमता को बढ़ाकर 200 शैय्यायुक्त करने की मांग स्वीकार की गई है, जिससे जनपदवासियों को विस्तारित चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment