दून हॉराइज़न, देहरादून (27 सितंबर) : रायपुर थाना क्षेत्र के नालापानी चौक पर एक महिला को जबरन कार में खींचकर ले जाने की सनसनीखेज कोशिश करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय प्रियांशु के रूप में हुई है, जिसे पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हरिद्वार के नवोदय नगर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी साजिश उधारी और पैसों के विवाद से जुड़ी थी। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर महिला पर दबाव बनाने और उसे डराने के इरादे से देहरादून पहुंचा था।
नालापानी चौक पर दिनदहाड़े की गई थी वारदात
मामला 23 सितंबर का है। पीड़िता सुषमा शर्मा ने रायपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नालापानी चौक के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों का ध्यान गया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
तहरीर मिलते ही रायपुर पुलिस ने मु०अ०सं० 394/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस (Bharatiya Nyaya Sanhita) की धारा 126(2), 140(3), 61(2) और 62 के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी एसओजी (SOG) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
जांच के शुरुआती दौर में ही पुलिस ने एक महिला आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। उसी पूछताछ से साफ हुआ कि लेन-देन के पुराने विवाद को सुलझाने के नाम पर डराने-धमकाने की यह योजना रची गई थी।
हरिद्वार से पकड़ा गया 19 साल का प्रियांशु
लगातार दबिश दे रही पुलिस टीम को 27 सितंबर को सटीक सूचना मिली। इसके बाद टीम ने हरिद्वार के नवोदय नगर के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी प्रियांशु को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में प्रियांशु ने खुलासा किया कि उसके परिचित दीपक का पीड़िता सुषमा से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। दीपक के कहने पर ही वह अपने दो अन्य साथियों-आदित्य और लक्की-के साथ देहरादून आया था। मकसद महिला को धमकाना था ताकि वह पैसे का निपटारा कर दे, लेकिन नालापानी पर स्थिति बिगड़ गई और उन्होंने जबरन गाड़ी में खींचने का प्रयास किया।
पकड़ा गया प्रियांशु मूल रूप से हरिद्वार के मंगलौर स्थित ग्राम नगला एहमाद का निवासी है और वर्तमान में सिडकुल थाना क्षेत्र के अन्नकी, रोशनाबाद में रह रहा था।
फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, प्रेम पावर, कांस्टेबल मनोज और एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि दीपक, आदित्य और लक्की की गिरफ्तारी के लिए हरिद्वार और आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द पकड़कर अदालत में पेश किया जाएगा।









