---Advertisement---

पांच देशों में इबोला के मामलों के बीच उत्तराखंड में हाई अलर्ट, अस्पतालों में आइसोलेशन की तैयारी

अफ्रीकी देशों में इबोला के प्रकोप के बाद उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। राज्य में करीब 40 पर्यटकों की निगरानी के साथ जिलों को सतर्क किया गया है।

देहरादून, 15 नवंबर : अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उत्तराखंड का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी के बाद प्रदेश के सभी जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और प्रभावित देशों से लौटे करीब 40 पर्यटकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दिए सख्त निर्देश

राज्य के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य महकमे को संभावित खतरे से निपटने के लिए मुस्तैद कर दिया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विभागीय अधिकारियों को प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘इबोला वायरस को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखने के साथ ही संदिग्ध मामलों की तत्काल पहचान और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।’

दरअसल, पर्यटन राज्य होने के कारण उत्तराखंड में बड़ी संख्या में विदेशी सैलानियों की आवाजाही रहती है। राज्य में विदेशी पर्यटकों की स्वास्थ्य निगरानी बढ़ने से देहरादून समेत प्रमुख पर्यटन जिलों के अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने भी सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को तैयारियां पूरी रखने का निर्देश देते हुए कहा, ‘किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’ राज्य निगरानी अधिकारी डॉ. पंकज सिंह के अनुसार, फिलहाल निगरानी में रखे गए विदेशी पर्यटकों में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन तय अवधि तक उनकी निगरानी जारी रहेगी।

केंद्र की एडवाइजरी पर अस्पतालों में बढ़ाई गई तैयारी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के मुताबिक, प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग, उनके यात्रा इतिहास की जांच और नियमित स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था की गई है। खासतौर से पिछले 21 दिनों में प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

निर्देशों के तहत यदि किसी यात्री में संक्रमण के शुरुआती लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसकी तत्काल जांच, आइसोलेशन और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा सरकारी और प्रमुख अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण मानकों, पीपीई किट की उपलब्धता, अलग आइसोलेशन वार्ड और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध मामले से संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment