---Advertisement---

देहरादून में कल प्रकाश पर्व शोभायात्रा, 6.5 घंटे बदला रहेगा ट्रैफिक, जानें पूरा रूट प्लान

देहरादून में 21 नवंबर को प्रकाश पर्व शोभायात्रा के चलते दोपहर 1 से शाम 7:30 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना लगेगा।

देहरादून, 20 नवंबर : प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार को देहरादून में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके मद्देनजर यातायात पुलिस ने शहर के लिए विशेष डायवर्जन प्लान जारी किया है। दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक शोभायात्रा के मार्ग और आसपास के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था जरूरत के अनुसार बदली जाएगी।

पटेलनगर से सुभाष रोड तक निकलेगी शोभायात्रा

प्रकाश पर्व की शोभायात्रा गुरुद्वारा पटेलनगर से शुरू होगी। यहां से शोभायात्रा सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला और पलटन बाजार होते हुए दर्शनलाल चौक पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा बुद्धा चौक और सुभाष रोड से होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

यातायात पुलिस के मुताबिक, शोभायात्रा सड़क के बाईं ओर चलेगी और दाईं ओर से सामान्य यातायात संचालित किया जाएगा। हालांकि, यातायात का दबाव बढ़ने पर पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से वाहनों को आंशिक रूप से डायवर्ट किया जा सकता है। इन वाहनों को जीएमएस रोड होते हुए घंटाघर की ओर भेजने की व्यवस्था रहेगी।

शोभायात्रा के दर्शनी गेट में पूरी तरह प्रवेश करने के बाद संबंधित स्थानों पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा। इसके बाद यात्रा के अगले पड़ावों पर पहुंचने के अनुसार अलग-अलग चौराहों पर यातायात नियंत्रित होगा।

घंटाघर, दर्शनलाल और बुद्धा चौक पर बदलेगा रूट

शोभायात्रा के घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ने पर चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, ओरिएंट चौक से घंटाघर जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा।

जब शोभायात्रा दर्शनलाल चौक पहुंचेगी, तब तहसील चौक से आने वाले यातायात को घंटाघर की ओर भेजा जाएगा। दूसरी ओर, लैंसडाउन चौक से दर्शनलाल चौक की तरफ आने वाले वाहनों को कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

बुद्धा चौक पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव होगा। शोभायात्रा के यहां पहुंचने पर दून चौक से आने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की तरफ भेजा जाएगा। क्रॉस रोड से बुद्धा चौक की ओर आने वाले वाहनों को मनोज क्लिनिक से सीजेएम तिराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक पार करने के बाद लैंसडाउन चौक से यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं, बुद्धा चौक पार होने के बाद बुद्धा चौक से एमकेपी चौक जाने वाले वाहनों को क्रॉस रोड और एमकेपी चौक से बुद्धा चौक जाने वाले वाहनों को दून चौक की ओर से भेजा जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment