---Advertisement---

अल्मोड़ा: अनियंत्रित होकर मकान की छत पर गिरी कार, बागेश्वर के युवक की मौके पर मौत

---Advertisement---

देहरादून/रानीखेत, 06 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील अंतर्गत ग्राम देहोली (चौबटिया) में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार वेगनआर कार अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से करीब 15-20 मीटर नीचे स्थित एक मकान की छत पर जा गिरी। इस जबरदस्त टक्कर में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मकान की छत पर लैंड हुई कार

मिली जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK02-TA-3159 बुधवार तड़के करीब 3 बजे देहोली क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे बने लाल सिंह नामक व्यक्ति के मकान की छत पर जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मकान की छत को भी काफी क्षति पहुंची है।

बागेश्वर के युवक ने गंवाई जान

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 32 वर्षीय भुवन प्रसाद पुत्र गोपाल राम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद बागेश्वर के ग्राम मटेला, काफलीगैर के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त भुवन कार में अकेले सवार थे। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे, लेकिन तब तक भुवन प्रसाद की सांसें थम चुकी थीं।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही रानीखेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे रानीखेत के लिए रवाना हो चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत चिकित्सालय भेजा गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गनीमत रही कि जिस वक्त कार छत पर गिरी, उस हिस्से में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, वरना हताहतों की संख्या बढ़ सकती थी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment