---Advertisement---

Dehradun firing : जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर तैनात कांस्टेबल की संदिग्ध मौत, घर से मिले 10 खोखे

---Advertisement---

देहरादून, 26 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। देहरादून जिले में गोलीबारी (Dehradun firing case) की दो अलग-अलग वारदातों ने कानून-व्यवस्था को लेकर महकमे में हड़कंप मचा दिया है। रानीपोखरी क्षेत्र में एक हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी ही सरकारी कार्बाइन से ताबड़तोड़ 10 राउंड फायर हुए, जिनमें से तीन गोलियां सीधे उनके सीने में जा लगीं। वहीं, एक अन्य मामले में सुद्धोवाला जेल में बंद एक कैदी द्वारा साथी बंदी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम न देने पर उसके घर पर फायरिंग करवाने का मामला सामने आया है।

आंगन में गूंजी तड़तड़ाहट, खून से लथपथ मिला शव

49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील कुमार उत्तराखंड आर्म्ड पुलिस में तैनात थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी जौलीग्रांट एयरपोर्ट के गेस्ट हाउस में लगाई गई थी। उनका परिवार रानीपोखरी के नागाघेर में रहता है। जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त सुनील अपने घर के आंगन में मौजूद थे, जबकि उनकी पत्नी, 18 साल का बेटा और 16 साल की बेटी घर के भीतर थे।

अचानक आंगन से धड़ाधड़ गोलियां चलने की आवाजें आने लगीं। जब तक परिवार के लोग संभलकर बाहर आते, सुनील खून से लथपथ जमीन पर गिर चुके थे। उन्हें तुरंत जौलीग्रांट स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष आरएस खोलिया ने बताया कि घटनास्थल से गोलियों के 10 खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

जेल से 30 लाख की रंगदारी, घर पर करवाई फायरिंग

गोलीबारी की दूसरी वारदात प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है। ईस्ट होप टाउन (लक्ष्मीपुर) की रहने वाली सीमा राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति संजय कुमार 3 दिसंबर 2024 से सुद्धोवाला जेल में बंद हैं। उसी आपराधिक मामले में सोनीपत के झिंझोली गांव का रहने वाला अर्जुन भी जेल में बंद है।

सीमा का आरोप है कि 8 मई को जब वह जेल में पति से मिलने गई, तो उन्होंने बताया कि अर्जुन 30 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। पैसे न देने पर अर्जुन ने सीमा को जान से मारने की धमकी दी। महिला ने इसकी शिकायत जेल अधीक्षक और एसएसपी से भी की थी।

महिला के मुताबिक, 20 मई को उन्होंने पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि उनके घर के बाहर दो अज्ञात युवक पहुंचे थे। इनमें से एक ने गेट के अंदर धमकी भरी चिट्ठी फेंकी, जबकि दूसरे ने घर की ओर फायरिंग कर दी।

महिला ने पुलिस को बताया कि अर्जुन से मिलने के लिए विकास बलारा नामक पेशेवर अपराधी जेल आता है। प्रेमनगर पुलिस ने इस मामले में अर्जुन, विकास बलारा और एक अज्ञात समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment