---Advertisement---

Dehradun News : ‘इंस्पेक्टर राज होगा खत्म, छोटे व्यापारी बनेंगे सशक्त’, दून सम्मेलन में गरजे चेयरमैन सुनील जे. सिंघी

---Advertisement---

देहरादून, 9 जुलाई 2026 (दून हॉराइज़न)।

Dehradun News : राज्य व्यापार मण्डल उत्तराखंड और दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में आज राजधानी में एक विशाल व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस बड़े मंच पर प्रदेश भर के व्यापारी अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर एकजुट हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील जे. सिंघी ने शिरकत की। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मंच पर मौजूद रहे।

सम्मेलन की शुरुआत मुख्य अतिथियों और आए हुए वरिष्ठ जनों को पुष्प गुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर की गई। इसके तुरंत बाद मध्यम वर्गीय व्यापारियों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के लिए ओएनडीसी (ONDC) प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बताई गई।

विशेषज्ञों ने व्यापारियों को कम दरों पर ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा इसके लाभों की विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। डिजिटल दौर में छोटे दुकानदारों को बड़ी कंपनियों के मुकाबले खड़ा करना इस सत्र का मुख्य उद्देश्य रहा।

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील जे. सिंघी ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प देश के व्यापारियों को सशक्त बनाना है। उनका बोर्ड हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सुनील जे. सिंघी ने कहा कि जीएसटी सरलीकरण, इंस्पेक्टर राज समाप्त करना और ओएनडीसी जैसे प्लेटफॉर्म से छोटे व्यापारियों को बड़ी कंपनियों के बराबर लाना केंद्र सरकार की मुख्य प्राथमिकता में शामिल है।

उत्तराखंड के व्यापारियों द्वारा उठाई गई जीएसटी थ्रेशोल्ड सीमा को 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने की मांग को उन्होंने जायज ठहराया। इस मांग और व्यापारी आयोग बनाने के प्रस्ताव को केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।

हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने व्यापारी समाज को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उत्तराखंड सरकार व्यापारी हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह संवेदनशील होकर काम कर रही है।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंच से घोषणा की कि चारधाम यात्रा से जुड़े व्यापारियों को विशेष राहत पैकेज देने पर विचार चल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स सब्सिडी देने और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार दिलाने के लिए योजनाएं तैयार हो रही हैं। पंकज मैसोन के नेतृत्व में दून वैली व्यापार मंडल बेहतरीन काम कर रहा है।

दून वैली उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष और राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य पंकज मैसोन ने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य व्यापारी हितों की रक्षा करना है।

पंकज मैसोन ने कहा कि उत्तराखंड में करीब आठ वर्षों से लगातार व्यापारी आयोग बनाने की मांग की जा रही है। अब केंद्र और राज्य सरकार के रुख को देखते हुए विश्वास है कि यह मांग जल्द पूरी होगी। आयोग बनने से व्यापारी वर्ग अपनी बात कानूनी और मजबूत तरीके से रख पाएगा।

राज्य व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र चौटाला ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था ने व्यापारी और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है।

कार्यकारी अध्यक्ष सुमित अरोड़ा ने व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने और राज्य के बड़े मॉल्स में 70 फीसदी दुकानें स्थानीय मूल के लोगों को आवंटित करने की नीति बनाने की पुरजोर मांग रखी। मुख्य संरक्षक सुशील अग्रवाल ने कहा कि आज हजारों की संख्या में व्यापारी इस संगठन से जुड़कर अपनी ताकत दिखा रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का कुशल संचालन युवा जिलाध्यक्ष विशाल गोस्वामी और महानगर अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।

व्यापारी सम्मेलन में मुख्य रूप से अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पूरी महाराज और महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज का आशीर्वाद भी मिला। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंकज व्यास, सरिता पुरोहित, संतोष पैनोली, आशीष अग्रवाल और विजय प्रजापति उपस्थित रहे।

संगठन के प्रदेश महामंत्री अतुल गोसाई, दीपक गौनियाल, नितिन चौहान, तेजप्रकाश साहू, देवेंद्र चमोली, रवि शर्मा, जसवंत बिस्ट, राजकांडपाल, शेखर फुलारा, हरीश विरमणि, विनय नागपाल, पंकज डिढ़ान, रोहित बहल, संजय गर्ग और सुरिंदर भाटिया भी चर्चा में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान तेजप्रकाश तलवार, इंद्रप्रकाश सहगल, केवल कुमार, जसपाल छाबड़ा, अशोक अग्रवाल, हेम रस्तोगी, सुमित कोहली, दीपू नागपाल, देवेंद्र साहनी, त्रिवेश खुराना, मोहित भटनागर, संजीव टंडन, दिव्य सेठी, रजत गुप्ता, सचिन डोरा, हरमीत जैसवाल, सनी कुमार, संजय शर्मा, इतेश अरोड़ा, अरुण कुमार, विवेक सेठी, अर्पित सिंघल, अमरदीप सिंह, गगन सेठी, गौरव कुमार, अतुल रस्तोगी, करण सहगल, बंटी, ज्योतिनारुला, जसपाल खंडूजा, सिमरनजीत सिंह, निखिल वर्मा और सचिन अरोड़ा सहित भारी संख्या में व्यापारी एकजुट रहे।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment