देहरादून, 4 जून (दून हॉराइज़न)। राजधानी देहरादून में गुरुवार तड़के पुलिस और राजस्थान के बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। नयागांव क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस से बचने के लिए भाग रहे इन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके तीन अन्य साथियों की तलाश में कॉम्बिंग जारी है।
बैरियर तोड़कर भागने से शुरू हुआ पीछा
यह पूरी घटना नयागांव चौकी क्षेत्र से शुरू हुई। पुलिस टीम नाकेबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक RJ (राजस्थान) नंबर की स्विफ्ट कार वहां पहुंची। पुलिस ने जब कार को रोकने का इशारा किया, तो उसमें सवार बदमाशों ने बैरियर पर जोरदार टक्कर मार दी और सेलाकुई की तरफ तेजी से भाग निकले। स्थिति को भांपते हुए पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
नदी के पास फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने अपनी कार चांदनी चौक से भूरपुर की तरफ मोड़ ली। जब वे रामगढ़ के रपटे के पास पहुंचे, तो गाड़ी वहीं छोड़कर नदी की तरफ भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस क्रॉस फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर गया। दूसरे बदमाश को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
अस्पताल में भर्ती, हथियारों की बरामदगी
घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके और फिर अस्पताल पहुंचे तथा पूरी कार्रवाई का जायजा लिया।
गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के पास से पुलिस ने दो देशी तमंचे, कुछ खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अब फरार चल रहे तीन अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।









