---Advertisement---

देहरादून : लोन के बदले रिश्वत मांगने का आरोप, बैंक मैनेजर प्रेम रंजन समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में 1.80 करोड़ के लोन पर 9 लाख रिश्वत मांगने के आरोप में CBI ने बैंक मैनेजर प्रेम रंजन और दो एजेंटों को गिरफ्तार किया। एक एजेंट 50 हजार लेते पकड़ा गया।

देहरादून, 19 नवंबर : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बैंक में लोन मंजूर कराने के नाम पर कथित रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये के लोन की मंजूरी और भुगतान कराने के बदले शिकायतकर्ता से 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

सीबीआई की इस कार्रवाई में एक डीएसए नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। इसके बाद बैंक मैनेजर प्रेम रंजन और दूसरे डीएसए नीरज राय को भी कथित संलिप्तता के आधार पर गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।

लोन की रकम का पांच प्रतिशत मांगा था कमीशन

सीबीआई के मुताबिक, क्लेमेंटटाउन निवासी एक व्यक्ति ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में अपनी संपत्ति के एवज में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और उसकी रकम जारी कराने के बदले बैंक के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और तीन निजी व्यक्ति, जो बैंक में डायरेक्ट सेलिंग एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे, उन्होंने कुल लोन राशि का पांच प्रतिशत कमीशन मांगा था।

यह रकम करीब 9 लाख रुपये होती है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लोन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर उससे रिश्वत की मांग की गई थी।

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में बैंक मैनेजर के अलावा नरेंद्र आर्य, नीरज राय और अशरफ नाम के तीन निजी व्यक्तियों की भूमिका सामने आई थी। इन सभी के खिलाफ 18 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता ने सीबीआई को बताया कि आरोपी उससे पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद ले चुके थे। इसके बाद शेष 6.50 लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

दो चेक और नकदी से बिछाया गया रिश्वत का जाल

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक दिए थे। इन दोनों चेक की कुल रकम 6 लाख रुपये थी। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद देने की बात भी तय हुई थी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment