---Advertisement---

रुड़की: टिकट न मिला तो निर्दलीय लड़ूंगा चुनाव, खानपुर में कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने दिया बड़ा संकेत

हरिद्वार की खानपुर विधानसभा में दो नए पुलों को मंजूरी मिलने के बाद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने निर्दलीय विधायक उमेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने 2027 में निर्दलीय चुनाव लड़ने के भी संकेत दिए हैं।

रुड़की, 10 नवंबर : हरिद्वार जिले की हॉट सीट माने जाने वाली खानपुर विधानसभा में सियासी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। खादर क्षेत्र में दो बड़े और महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण को शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन चुनावी मोड में आ गए हैं। उन्होंने इस मंजूरी का पूरा श्रेय लेते हुए मौजूदा निर्दलीय विधायक उमेश कुमार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। चैंपियन ने साफ तौर पर दावा किया है कि पिछले साढ़े चार साल के कार्यकाल में खानपुर की जनता को विकास के नाम पर केवल छला गया है और धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।

विकास के बजाय केवल ड्रामेबाजी देखने को मिली: चैंपियन

पूर्व विधायक ने मौजूदा विधायक उमेश कुमार के रिपोर्ट कार्ड पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार साल में खानपुर विधानसभा क्षेत्र विकास की दौड़ में बहुत पीछे छूट गया है। चैंपियन ने दावा किया कि विधायक की तरफ से बड़े-बड़े वादे तो जरूर किए गए, लेकिन असल में जनता को सिर्फ और सिर्फ ड्रामेबाजी ही देखने को मिली है।

अपने आरोपों को धार देते हुए उन्होंने गिनाया कि इस लंबे अंतराल में न तो क्षेत्र के युवाओं के लिए किसी नए डिग्री कॉलेज की स्थापना हो सकी और न ही बिजली की समस्या सुलझाने के लिए कोई नया बिजलीघर बन पाया। इतना ही नहीं, चैंपियन ने कहा कि किसानों के लिए मंडी का विस्तार भी अटका पड़ा है और बाढ़ से बचाने वाले बांधों की मरम्मत का काम तक नहीं किया गया। उन्होंने अपने पुराने कार्यकाल को याद करते हुए दावा किया कि उनके समय में बिरला टायर्स फैक्ट्री के माध्यम से हजारों स्थानीय युवाओं को सीधा रोजगार मिला था, जबकि आज रोजगार के मोर्चे पर भी लोगों को निराशा ही हाथ लगी है।

बाणगंगा और सोलानी नदी पर पुलों को मिली हरी झंडी

दरअसल, खानपुर का खादर क्षेत्र हर साल मानसून के दौरान नदियों के उफान के चलते भारी दिक्कतों का सामना करता है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गिद्दावली बाणगंगा घाट और सोलानी नदी घाट पर दो अहम पुलों के निर्माण को अपनी स्वीकृति दे दी है। चैंपियन ने बताया कि उन्होंने 4 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री के समक्ष इन दोनों स्थानों पर पुल निर्माण की जोरदार पैरवी की थी और उसी समय घोषणा भी करवाई थी।

प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि घोषणा के बाद विधिवत शासनादेश जारी हुआ। जिला स्तर से फाइलों का मूवमेंट होते हुए शासन तक पहुंचा। इस पूरी कागजी कार्यवाही में तेजी लाने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी सचिव पंकज पांडे और लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज से भी कई दौर की मुलाकातें कीं। अब मुख्यमंत्री स्तर से इन दोनों परियोजनाओं को अंतिम मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इनके शिलान्यास की तारीख भी तय होने की उम्मीद है। इन दोनों पुलों के तैयार होने से खादर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का आवागमन बेहद सुलभ हो जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment