---Advertisement---

Kedarnath Yatra 2026 : केदारनाथ यात्रा का एक महीना पूरा, 8 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने टेका माथा; 39 की हुई मौत

---Advertisement---

देहरादून, 25 मई (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के तहत भगवान केदारनाथ के कपाट खुले एक महीना पूरा हो गया है। इस अवधि में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम केदारघाटी पहुंच रहा है और अब तक आठ लाख से ज्यादा तीर्थयात्री बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। इस बार हिमालयी क्षेत्र की इस दुर्गम यात्रा में युवाओं का उत्साह सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।

बीती 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से ही केदारनाथ धाम में रिकॉर्ड भीड़ उमड़ रही है। 23 मई तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 8,11,923 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यात्रा पर आने वाले कुल तीर्थयात्रियों में 65 फीसदी युवा और 35 फीसदी बुजुर्ग व अन्य शामिल हैं। इसके अलावा एक लाख से अधिक यात्री वाहन अब तक केदारघाटी में प्रवेश कर चुके हैं।

लगातार बढ़ रही भीड़ को प्रबंधित करने के लिए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) 24 घंटे काम कर रही है। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मंदिर को साफ-सफाई और भोग के लिए दिनभर में सिर्फ तीन से चार घंटे ही बंद रखा जा रहा है। बाकी समय लगातार दर्शन कराए जा रहे हैं। एक महीने की इस अवधि में मंदिर समिति को 14.50 करोड़ रुपये की आय हुई है।

भारी भीड़ के साथ-साथ धाम में स्वास्थ्य चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। कड़ाके की ठंड और ऑक्सीजन की कमी के चलते कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ रही है। प्रशासन के अनुसार, यात्रा शुरू होने से लेकर अब तक विभिन्न कारणों से 39 यात्रियों की मृत्यु हो चुकी है।

इस यात्रा ने स्थानीय आर्थिकी और परिवहन को भी बड़ी रफ्तार दी है। 8 हेलीकॉप्टर कंपनियों ने एक महीने में 5,362 उड़ानें भरी हैं। इस दौरान 30,925 यात्री हेलीकॉप्टर से धाम पहुंचे, जबकि 30,822 वापस लौटे। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आरएस रावत ने बताया कि इस साल 7,744 घोड़े-खच्चर पंजीकृत हैं, जिनसे अब तक 2 करोड़ 44 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है।

जून महीने में स्कूलों की छुट्टियां पड़ने के कारण केदारनाथ में यात्रियों का दबाव और बढ़ने की उम्मीद है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के अनुसार, प्रशासन, पुलिस और बीकेटीसी के आला अधिकारी लगातार बैठकें कर रहे हैं। आने वाले दिनों में दर्शन व्यवस्था सुलभ बनाए रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment