Mahakal Temple Fire : महाकाल मंदिर में भयानक आग, 14 घायल, भक्तों में मची अफरा-तफरी

 उज्जैन के महाकाल मंदिर में सोमवार की सुबह दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं के लिए काले दिन की तरह शुरू हुई। भस्म आरती के पवित्र अनुष्ठान के दौरान गर्भगृह में अचानक आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि आरती के दौरान कपूर और गुलाल के जलने के कारण आग लगी। गनीमत रही कि मंदिर प्रशासन और दमकल विभाग की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

हताहत और घायलों की जानकारी

हालांकि इस हादसे में 14 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में पुजारी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे वैभव और बेटी डॉ. आकांक्षा नंदी भी इस दौरान मंदिर में मौजूद थे।

जांच के आदेश

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

पीएम मोदी ने जताई संवेदना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, “उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुआ हादसा बेहद दुखद है। इस हादसे में घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार के निर्देशन में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हरसंभव मदद पहुंचाने में लगा हुआ है।”

गृह मंत्री अमित शाह ने भी लिया घटना का जायजा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी महाकाल मंदिर में हुए अग्निकांड की घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि, “मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी से बात कर उज्जैन महाकाल मंदिर में हुए अग्निकांड की घटना की जानकारी ली। स्थानीय प्रशासन घायलों को सहायता एवं उपचार प्रदान कर रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं।”

महाकाल मंदिर में पहले भी हो चुकी हैं हादसे की घटनाएं

बता दें कि लगभग 30 साल पहले महाकाल मंदिर में एक भगदड़ मची थी। उस दौरान करीब 35 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद एक बार मंदिर परिसर में पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *