हैरी पॉटर प्रेमियों के लिए खुशखबरी, शाओमी लाया Redmi Turbo 3 और Redmi Pad Pro का मैजिकल लिमिटेड एडिशन

चाइनीज टेक ब्रैंड शाओमी की ओर से बीते दिनों पावरफुल स्मार्टफोन और टैबलेट Redmi Turbo 3 और Redmi Pad Pro लॉन्च किए गए हैं। पावरफुल स्पेसिफिकेशंस वाले इन डिवाइसेज का अब मैजिकल लिमिटेड एडिशन पेश किया जाएगा। स्मार्टफोन मेकर ने Harry Potter सीरीज की थीम पर इन दोनों डिवाइसेज के स्पेशल Wizarding Edition लॉन्च करने की घोषणा की है।

हैरी पॉटर सीरीज को आए बेशक 20 साल से ज्यादा का वक्त बीत गया हो लेकिन अब भी इसके फैन्स लाखों की संख्या में हैं। हैरी पॉटर थीम वाले गैजेट्स और अन्य प्रोडक्ट्स का आज भी बड़ा मार्केट है। हैरी पॉटर दरअसल जे.के. रोलिंग की ओर से लिखा गया उपन्यास लाइनअप है, जिसपर आधारित फिल्में भी दुनियाभर में खूब पसंद की गई हैं। अब शाओमी ने दो खास डिवाइस पेश किए हैं।

ऐसा है स्पेशल Redmi Pad Pro एडिशन

कंपनी ने बताया है कि Redmi Pad Pro का लिमिटेड एडिशन मॉडल दुनिया का पहला हैरी पॉटर थीम वाला टैबलेट है। हालांकि कंपनी इसे होम-कंट्री में लेकर आई है और इसे बेहद खास डिजाइन के साथ खरीदने का विकल्प ग्राहकों को मिलेगा। इस टैबलेट के बैक पैनल पर हैरी पॉटर के जादुई स्कूल हॉगवर्ट्स का बड़ा सा लोगो दिया गया है। इसके साथ मिलने वाला प्रोटेक्टिव केस फिल्म में हॉगवर्ट्स के एडमिशन नोटिस के लिफाफे जैसा दिख रहा है।

बेहद खास है Redmi Turbo 3 का डिजाइन

टैबलेट के मुकाबले स्पेशल एडिशन Redmi Turbo 3 का डिजाइन कहीं ज्यादा डीटेल्ड है। इसके रियर पैनल के नीचे वाले हिस्से पर हॉगवर्ट्स का लोगो बना हुआ है और वहीं ऊपर के हिस्से में खास कास्टिंग वाली जादुई छड़ी जैसा डिजाइन दिया गया है।

इसके अलावा फ्लैश मॉड्यूल पर हैरी पॉटर के आइकॉनिक बिजली जैसे निशान क डिजाइन बना हुआ है।दोनों ही नए डिवाइसेज पर हैरी पॉटर की ब्रैंडिंग की गई है और बाकी स्पेसिफिकेशंस रेग्युलर मॉडल्स जैसे ही हैं।

अभी ग्राहक केवल चीन में ही इन्हें खरीद सकते हैं लेकिन कंपनी बाद में इन्हें ग्लोबल मार्केट का हिस्सा बना सकती है। हालांकि भारत में इन डिवाइसेज के लॉन्च से जुड़े कोई संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *