देहरादून, 24 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Elections) के लिए भारतीय जनता पार्टी ने नेतृत्व को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट कर दिया है कि उत्तराखंड में पार्टी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चेहरे के साथ ही चुनावी मैदान में उतरेगी। दिल्ली में दिए एक हालिया साक्षात्कार में नवीन ने यह भी साफ किया कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी।
राष्ट्रीय नेतृत्व का भरोसा और गुड गवर्नेंस
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने धामी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद राज्य में विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा गया है।
भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, “आमजन के जीवन में आए बदलाव और गुड गवर्नेंस सरकार की यूएसपी है, जिसमें धामी सरकार ने बेहतर प्रदर्शन किया है।”
अटकलों का हुआ पटाक्षेप
राजनीतिक गलियारों में पिछले कुछ समय से नेतृत्व परिवर्तन या नए चेहरे को लेकर जो चर्चाएं थीं, इस बयान के बाद वे पूरी तरह समाप्त हो गई हैं। हालांकि, 20 मार्च को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ही मुख्यमंत्री धामी ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली थी, लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष की दो टूक पुष्टि ने तस्वीर को पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री धामी अपनी कार्यप्रणाली से शीर्ष नेतृत्व का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं।
केंद्रीय मंत्रियों की सराहना का मिला लाभ
हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने उत्तराखंड दौरे के दौरान धामी सरकार के कामकाज की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की थी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे कड़े फैसलों और बुनियादी ढांचे के विकास ने धामी की दावेदारी को और मजबूत किया है। नितिन नवीन ने विश्वास जताया है कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में आगामी चुनावों में पार्टी को और भी बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।









