---Advertisement---

Vikasnagar : सीवर का गंदा पानी पीने से कई लोग बीमार, एसडीओ पर लापरवाही का आरोप

---Advertisement---

विकासनगर, 25 जून, 2026 (दून हॉराइज़न)।

Vikasnagar : जल संस्थान के एसडीओ जयपाल सिंह चौहान को आक्रोशित जनता ने बंधक जैसी स्थिति में घेरकर उनके सामने वही बदबूदार सीवर का पानी रख दिया जिसे पीने को स्थानीय लोग मजबूर हैं। अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ भड़के जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने एसडीओ को उस गंदे पानी का एक घूंट पीने की खुली चुनौती दे डाली।

एसडीओ जयपाल सिंह चौहान के मुंह तक जब पानी का गिलास पहुंचाया गया तो वह उसकी एक बूंद भी नहीं पी सके। मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया क्योंकि पिछले बीस दिनों से पूरा इलाका इसी जहरीले पानी पर निर्भर है।

28 फुटा रोड पर पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति लाइन में सीवर की गंदगी सीधे मिक्स होकर घरों में सप्लाई हो रही है। इस दूषित पानी के लगातार सेवन से क्षेत्र के कई परिवारों के बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद भी विभाग सोया रहा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पिछले कई दिनों में जल संस्थान के एसडीओ जयपाल सिंह चौहान को दर्जनों बार फोन मिलाया लेकिन साहब ने एक भी कॉल रिसीव करना मुनासिब नहीं समझा। आज बड़ी मशक्कत के बाद एसडीओ जनता और स्थानीय नेताओं के हत्थे चढ़े।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नीरज अग्रवाल और व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मौके पर ही एसडीओ की क्लास लगा दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 5 जून से शुरू हुई यह समस्या आज 25 जून हो जाने के बाद भी जस की तस बनी हुई है। सरकारी खजाने से पूरा पैसा मिलने के बावजूद काम अटका पड़ा है।

सभासद धर्मेंद्र ठाकुर ने अधिकारियों को सख्त अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जहां दो मजदूर काम कर रहे हैं वहां तुरंत चार से छह मजदूर काम पर लगाए जाएं। विभाग चाहे पूरी रात काम कराए लेकिन कल तक पाइपलाइन पूरी तरह दुरुस्त हो जानी चाहिए। सुधार न होने पर एसडीओ के खिलाफ जनता कर्फ्यू लगाने की चेतावनी दी गई है।

क्षेत्रीय निवासियों ने इस पूरे विवाद के बीच जल संस्थान के जूनियर इंजीनियर (जेई) की जमकर पीठ थपथपाई। लोगों ने कहा कि जेई हर शिकायत पर तत्काल फोन उठाते हैं और सूचना मिलते ही तुरंत ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर समस्या का मुआयना करते हैं।

लापरवाही के खिलाफ मोर्चे पर दीपक गर्ग, एकांत गुप्ता और विशेष शर्मा सहित भारी संख्या में स्थानीय निवासी डटे रहे। जनता ने साफ कर दिया है कि अगर शुक्रवार तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो जल संस्थान के दफ्तर का पूरी तरह से घेराव कर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment